कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोसाबाड़ी स्थित निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल को लेकर सामने आई शिकायतों ने अब प्रशासन और शिक्षा विभाग का ध्यान खींच लिया है। शिकायतों की जांच के लिए शिक्षा विभाग ने तीन सदस्यीय संयुक्त जांच दल गठित किया है। टीम 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे स्कूल परिसर पहुंचकर शिकायतों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच करेगी।
बताया जा रहा है कि स्कूल के संबंध में स्थानीय नागरिक रजनीश मिश्रा समेत पांच लोगों ने 29 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी, कोरबा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। इसी मामले में पथरीपारा निवासी जितेन्द्र कुमार साहू ने कलेक्टर कोरबा के समक्ष भी शिकायत रखी थी।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निर्देश पर जांच दल बनाया गया है। इसमें BEO कोरबा, सेजेस कुसमुण्डा के प्राचार्य और शासकीय हाईस्कूल दादरखुर्द के प्राचार्य को शामिल किया गया है।
स्टाफ की मौजूदगी में होगी जांच
जांच के दौरान स्कूल में पदस्थ सभी कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। विभाग ने स्कूल प्राचार्य को निर्देशित किया है कि जांच टीम के समक्ष संबंधित स्टाफ के बयान दर्ज कराने के लिए सभी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा शिकायतों से जुड़े मूल दस्तावेज भी जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे जांच के दौरान दस्तावेजों और शिकायतों में लगाए गए आरोपों का मिलान किया जा सकेगा।
शिकायतकर्ताओं को भी बुलाया गया
जांच को बिंदुवार और तथ्यात्मक बनाने के लिए शिकायतकर्ताओं को भी मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें रजनीश मिश्रा, जगदीश प्रधान, राजेश मिश्रा, अखिलेश मणी तिवारी और जितेन्द्र कुमार साहू शामिल हैं।
अब सभी की नजर 6 अक्टूबर को होने वाली जांच पर है। जांच के दौरान शिकायतों में लगाए गए आरोपों, स्कूल प्रबंधन के दस्तावेजों और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।
