कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को दो अहम सफलताएं मिली हैं। पुलिस ने पांच साल पुराने मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मारपीट के एक मामले में फरार आरोपी को भी पकड़ लिया गया है।
पांच साल से फरार था स्थायी वारंटी
पुलिस के मुताबिक थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 137/20 के मामले में आलोक सागर उर्फ सोना, पिता राजेश सागर, निवासी माझी मोहल्ला, धनुहारपारा, कोरबा फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ धारा 147, 455, 364, 294, 506, 323 भादवि तथा 3, 2(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस प्रकरण में आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था। न्यायालय में पेशी के दौरान अनुपस्थित होने के बाद वह अपने निवास स्थान से फरार हो गया था। इसके बाद उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।
30 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आलोक सागर उर्फ सोना को गिरफ्तार कर लिया।
मारपीट के मामले में भी फरार आरोपी पकड़ा गया
इधर, कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 759/26 के मामले में फरार चल रहे समीर कुरैशी उर्फ माया, पिता अमीत कुरैशी, उम्र 28 वर्ष, निवासी सीतामणी चंडिका मंदिर के पास, मेन रोड, कोरबा को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया ने अपने साथी गौतम उर्फ काड़े के साथ मिलकर प्रार्थी से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
इस मामले में आरोपी गौतम उर्फ काड़े को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है। वहीं, फरार चल रहे समीर कुरैशी उर्फ माया को 30 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
कोतवाली पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी फरार आरोपी या वारंटी के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
