कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में किन्नर समाज के दो पक्षों के बीच गद्दी को लेकर विवाद सामने आया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और दूसरे पक्ष पर जबरन वसूली, मारपीट तथा सामाजिक व्यवस्था में हस्तक्षेप करने के आरोप लगाए।
किन्नर समाज के लोगों का कहना है कि दिनेश उर्फ मालती किन्नर की गद्दी को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि मालती किन्नर के शिष्य रानू किन्नर को गद्दीदार बनाए जाने की प्रक्रिया के बीच जम्मू से आई शैली किन्नर इस गद्दी पर अपना दावा कर रही हैं।
गद्दी छीनने और वसूली का आरोप
एसपी कार्यालय पहुंचे किन्नरों ने आरोप लगाया कि शैली किन्नर अपने साथ करीब 7-8 अन्य किन्नरों को लेकर कोरबा में लोगों से मांग कर रही हैं। आरोप है कि यह काम स्थानीय किन्नर समाज की पारंपरिक व्यवस्था के विपरीत किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि स्थानीय मठ में रहने वाले किन्नरों के साथ विवाद और मारपीट की घटनाएं हुई हैं। उनके मुताबिक, एक किन्नर के हाथ में चोट आई है, जबकि दूसरे के साथ भी मारपीट की गई।

दीपका में भी विवाद का आरोप
किन्नर समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोग दीपका क्षेत्र में भी जबरन वसूली करने पहुंचे थे, जहां जजमानों के साथ मारपीट किए जाने की बात कही गई है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आने का भी दावा किया गया है।
मामले में ASP ने दी समझाइए
मामले को लेकर कोरबा एएसपी लखन पटले ने बताया कि किन्नर समाज के एक पक्ष को बुलाकर समझाइश दी गई है। एक और पक्ष को भी बुलाया जाएगा और समझाइए दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज की जो भी पारंपरिक और सामाजिक व्यवस्थाएं हैं, उन्हें आपसी सहमति से व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए।
एएसपी ने बताया कि विवाद को देखते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई तो पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, दीपका में किन्नर समाज और कुछ लोगों के बीच हुई मारपीट के मामले की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
