कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: SECL की दीपका खदान में डीजल चोरी के मामले में पुलिस और CISF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। आरोपियों के कब्जे से करीब 200 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल कैंपर वाहन क्रमांक CG 04 OD 1798 बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक रात करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दीपका खदान क्षेत्र में एक कैंपर में डीजल से भरे ड्रम रखे हैं और उन्हें बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस किशन कुमार निर्मलकर के मार्गदर्शन में दीपका पुलिस और CISF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही दो आरोपी फरार
कार्रवाई के दौरान कैंपर में चार लोग सवार मिले। पुलिस और CISF की टीम को देखते ही दो आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधमान बिंझवार (32), निवासी दादरपारा, कुसमुंडा और नवधा पटेल (28), निवासी चेतमा, पाली के रूप में हुई है।
डोजर के टैंक से निकाला था डीजल
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे निजी कंपनी में कार्यरत इंजीनियर नवीन साहू और वेल्डर चुनामणी कश्यप के साथ मिलकर डीजल चोरी कर रहे थे। आरोप है कि दीपका खदान के एलके-1 क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक 905 के डीजल टैंक से पाइप के जरिए करीब 200 लीटर डीजल निकाला गया।
चोरी के डीजल को टीन के ड्रम में भरकर डोजर सेक्शन में छिपाया गया था। इसके बाद इसे ट्रक चालकों को बेचने की तैयारी की जा रही थी।
दो आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने चोरी का डीजल और कैंपर वाहन जब्त कर लिया है। मामले में दीपका थाने में BNS की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपी नवीन साहू और चुनामणी कश्यप की तलाश की जा रही है।
