कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती में देर रात पान ठेले पर सामान लेने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
जानकारी के मुताबिक एसबीएस कॉलोनी निवासी राहुल शांडिल्य अपने साथी दक्ष निराला के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों कृष्णा नगर बस्ती में देर रात खुले पान ठेले पर पहुंचे। इसी समय वहां तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला नामक युवक भी पहुंचे और सिगरेट मांगने लगे। सामान देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला ने राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला के साथ मारपीट की। इस दौरान राहुल को सड़क पर पटककर लात-घूंसों से पीटा गया। आरोप है कि उसके सिर पर पत्थर से हमला करने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
मारपीट की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद राहुल को उसके साथियों ने गंभीर हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। उसके सिर, हाथ और आंख में चोटें बताई जा रही हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक एक पक्ष से राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला तथा दूसरे पक्ष से तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला हैं। विवाद के बाद मारपीट हुई, जिसमें राहुल शांडिल्य घायल हुआ है और उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट (MLC) प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देर रात तक खुले पान ठेलों पर भी उठे सवाल
घटना के बाद शहर में देर रात तक खुले रहने वाले पान ठेलों और चौक-चौराहों पर उपलब्ध होने वाले गुटखा, चखना और अन्य सामान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर ऐसे दुकानों के देर रात तक संचालन पर निगरानी और कार्रवाई की मांग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस की ओर से देर रात तक दुकान संचालित करने और सामान बेचने वाले पान ठेला संचालक के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है।
