कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनिया-जटगा मोड़ पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रेलर ओवरटेक करने के दौरान बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का पहिया बाइक सवार के हेलमेट के ऊपर से गुजर गया। हेलमेट पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया गया कि हादसे के वक्त युवक ने हेलमेट पहन रखा था।
बाइक नंबर से मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे के बाद मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मौके पर जुटी भीड़ और राहगीरों के बीच भी मृतक की पहचान को लेकर जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर उसके नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
कुछ घंटे पहले ट्रेलर ने दो वाहनों को मारी थी टक्कर
कोरबा में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब कुछ घंटे पहले ही बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया था। इन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से नाराज लोगों ने घटना के बाद सड़क पर चक्काजाम कर दिया था। देर रात पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग
इलाके में लगातार हो रहे हादसों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रेलरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। यही वजह है कि आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है।
पुलिस ने दोनों घटनाओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कटघोरा पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश के साथ मृतक की पहचान में जुटी हुई है।
