पुलिस कॉलोनी में सिपाही की पत्नी की हत्या के मामले में मिले अहम सुराग, पति से पूछताछ जारी…..
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: पुलिस कॉलोनी में सिपाही की पत्नी की हत्या करने वाले का पुलिस को अहम सुराग मिल गया है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम फ्लाइट से मुंबई गई है। हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल थे। महिला के शरीर में धारदार हथियार से कई वार के अलावा उसके शरीर में दांत से काटने के निशान भी मिले हैं। इससे आशंका है कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हैं।
हत्या लोकल व्यक्ति की मिलीभगत से बाहर के आरोपियों द्वारा करने का शक जताया जा रहा है। दूसरी ओर पुलिस ने गुरुवार को महिला के पति से करीब 5 घंटे पूछताछ की। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया है। हत्या में एक बड़ी साजिश का पता चला है। उल्लेखनीय है कि आमासिवनी पुलिस कॉलोनी के ब्लॉक ए के मकान नंबर 4 में रहने वाली जॉली सिंह की मंगलवार की शाम 6.30 बजे से रात 9 बजे के बीच हत्या कर दी गई थी।

जॉली की हत्या उसके मकान के हॉल में हुआ। इसके बाद उसके शव को किचन की ओर घसीटकर ले जाया गया था। सूत्रों के मुताबिक कमरे में महिला के शव के पास पुलिस को मुंबई मेट्रो ट्रेन का एक टिकट मिला था। टिकट में 4 मार्च की तारीख अंकित है। इससे शक जताया जा रहा है कि हत्या करने वालों ने 4 मार्च को मेट्रो ट्रेन का सफर किया है।
हत्या के दूसरे दिन पुलिस ने मृतका के पति शिशुपाल सिंह से करीब पांच घंटे पूछताछ की। घटना वाले दिन का उसका लोकेशन आदि की जानकारी ली गई। शिशुपाल सुकमा में डॉग स्कवॉड में सिपाही है। उसने अपनी पहली पत्नी जॉली को छोड़ दिया था। उससे उसका विवाद चल रहा था।
