कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला BNG पब्लिक स्कूल के पास स्थित किशन ट्रेडर्स का है, जहां बीती रात दो अज्ञात नकाबपोश चोरों ने सेंधमारी की। चोरों की पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ-साफ कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोर देर रात सुनसान माहौल का फायदा उठाकर दुकान में घुसे और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुकान से कितनी नगदी या सामान चोरी हुआ है। दुकान संचालक ने घटना की जानकारी तत्काल हरदी बाजार पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में दोनों चोरों ने चेहरे पर नकाब बंधी हुई है, पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरदी बाजार क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारी वर्ग और आम लोग दोनों ही असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। क्षेत्रवासी पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इन शातिर नकाबपोश चोरों को कब तक पकड़ पाती है और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में कितनी तेजी दिखाती है।
