मछली पकड़ने के दौरान नदी में डूबा कारपेंटर: मदद की आवाज सुनकर दौड़ा बेटा, नदी से बाहर निकाला; फिर भी नहीं बच सकी जान

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा /सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र की पुलकदई नदी में मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। हादसे के दौरान उनके बेटे ने नदी में छलांग लगाकर पिता को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार भी दिया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान श्यामनगर बस्ती निवासी राजकुमार खैवार (45 वर्ष) के रूप में हुई है। राजकुमार खैवार पेशे से कारपेंटर थे। सोमवार की दोपहर वह जाल लेकर पुलकदई नदी में मछली पकड़ने के लिए गए थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, जिसके बाद उनका बेटा संदीप खैवार उनकी तलाश में नदी किनारे पहुंचा।

तलाश के दौरान संदीप को मदद के लिए आवाज सुनाई दी। उसने देखा कि उसके पिता नदी के गहरे हिस्से में डूब रहे हैं। बिना समय गंवाए उसने नदी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों की सहायता से करीब आधे घंटे बाद बाइक के जरिए राजकुमार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर रजगामार पुलिस ने अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुलकदई नदी के किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और जोखिम वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि जिले में हाल के दिनों में नदी-नालों में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन पहले ही लोगों से बरसात के दौरान नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और प्रतिबंध के बावजूद मछली पकड़ने के लिए पानी में नहीं उतरने की अपील कर चुका है।

Share This Article