सक्ति कांडः उप सरपंच की हत्या के 48 घंटे बाद महानदी से बरामद हुआ शव, सरपंच पति सहित 9 गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

सक्ति कांडः उप सरपंच की हत्या के 48 घंटे बाद महानदी से बरामद हुआ शव, सरपंच पति सहित 9 गिरफ्तार

सक्ति/सीजी एनएन 24 न्यूज:  सक्ती जिले में ग्राम पंचायत करही के उप सरपंच महेन्द्र बघेल की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उनका शव डभरा क्षेत्र के साराडीह गांव के पास महानदी में तैरता मिला। SDRF की टीम ने मंगलवार सुबह शव को बाहर निकाला और पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।

पंचायत की राशि को लेकर विवाद में हत्या

मामले की जानकारी के अनुसार, करही गांव के उप सरपंच महेन्द्र बघेल 6 सितंबर की रात रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। परिजनों ने बताया कि उसी रात सरपंच पति राजकुमार साहू ने फोन कर महेन्द्र बघेल को बुलाया था। इसके बाद से ही उनका मोबाइल बंद हो गया और वे घर नहीं लौटे।

परिजनों ने 7 सितंबर को बिर्रा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में पता चला कि पंचायत की राशि की बंदरबांट को लेकर उप सरपंच और सरपंच पति के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में महेन्द्र बघेल की हत्या की साजिश रची गई।

हत्या कर शव को नदी में फेंका
पुलिस ने शक के आधार पर सरपंच पति सहित 9 लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वारदात स्वीकार की और बताया कि महेन्द्र बघेल की हत्या के बाद शव को बरेकेल पुल से महानदी में फेंक दिया गया। इसके बाद SDRF की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई।

ड्रोन की मदद से भी कई किलोमीटर तक तलाश हुई लेकिन शव नहीं मिला। अंततः 48 घंटे बाद डभरा क्षेत्र के साराडीह गांव में शव दिखाई दिया।

ग्रामीणों का आक्रोश, चक्काजाम
उप सरपंच की गुमशुदगी और संदिग्ध परिस्थितियों को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने बिर्रा चौक में चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। इससे घंटों तक यातायात ठप रहा। पुलिस के समझाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।

सभी 9 आरोपी गिरफ्तार
जांच के बाद पुलिस ने सरपंच पति राजकुमार साहू समेत सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया है।

Share This Article