बाल सुधार गृह से तीन नाबालिग फरार, पुलिस ने की नाकेबंदी
दुर्ग/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के पुलगांव स्थित बाल संप्रेषण गृह से रविवार देर रात तीन नाबालिग अपराधी फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, ये तीनों गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त थे और न्यायालय के आदेश पर सुधार गृह में रखे गए थे।
रात के वक्त तीनों बालक करीब 10 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले। घटना का पता चलते ही संस्थान प्रबंधन ने बाल संरक्षण विभाग और पुलगांव पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और फरार बालकों की तलाश के लिए विशेष टास्क टीम गठित की गई है। एएसपी सुखनंदन राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलगांव बाल संप्रेषण गृह से विधि से संघर्षरत तीन बालक फरार हुए हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग टीम बनाई गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी में किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। साथ ही बाल सुधार गृह प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब पुलगांव सुधार गृह से कैदी फरार हुए हों। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा तेज है, जबकि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया जाएगा और सुरक्षा चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
