गेवरा महाप्रबंधक कार्यकाल में काला फीता लगाकर विरोध प्रदर्शन, अधिकारी अपनी सुरक्षा के प्रति चिंतित, प्रबंधन और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की अपील

Anil Jatwar
2 Min Read

कोरबा/सीजी एन एन 24 न्यूज:– कोरबा जिले के गेवरा महाप्रबंधक कार्यालय में मंगलवार को सीएमओएआई गेवरा क्षेत्र के अधिकारियों ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में काला फीता लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन स्वास्थ्य शिविर के दौरान डॉ. अर्पण विश्वास के साथ गांव के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा की गई मारपीट के विरोध में आयोजित किया गया। घटना के बाद अधिकारियों में रोष व्याप्त है और सभी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

बताया गया कि हरदी बाजार क्षेत्र के एक गांव में डॉ. अर्पण विश्वास स्वास्थ्य शिविर में सेवाएं दे रहे थे, तभी अचानक कुछ उपद्रवी तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। इस निंदनीय घटना की अधिकारियों ने कड़ी निंदा की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी मौजूद रहे और एकजुटता का संदेश दिया।

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी एल एंड आर विभाग के अधिकारी शिखर सिंह चौहान के साथ इसी तरह की मारपीट की घटना हो चुकी है, लेकिन अब तक जिम्मेदारों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लगातार हो रही घटनाओं के चलते अधिकारी दहशत और असुरक्षा के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।

प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि वे अपनी सुरक्षा, सम्मान और सुरक्षित कार्यस्थल को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने कोल इंडिया प्रबंधन और छत्तीसगढ़ प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही एक सप्ताह तक काला फीता पहनकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया गया है।

Share This Article