कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा यातायात पुलिस ने मंगलवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 11 नाबालिग दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने सभी 11 मामलों में चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 22 हजार रुपए का समन शुल्क अधिरोपित किया। साथ ही नाबालिगों के अभिभावकों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई कि वे भविष्य में अपने बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाने दें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाना और लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
यातायात पुलिस का कहना है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ गंभीर सड़क हादसों का बड़ा कारण भी बनता है। इसलिए ऐसे मामलों में आगे भी लगातार जांच अभियान चलाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
