कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन में संलिप्त 9 वाहनों को जब्त किया है।
विभागीय टीम ने सीतामढ़ी में रेत का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर, बरमपुर में 1 टीपर, राताखार में गिट्टी का परिवहन कर रहे 2 हाइवा तथा रेत से भरा 1 टीपर, कुसमुंडा में ईंट का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर और कटघोरा में रेत का अवैध परिवहन कर रहे 1 ट्रैक्टर को जब्त किया।
जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से सिटी कोतवाली थाना, सर्वमंगला पुलिस चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
