कोरबा: देशभर में शनिवार को दशहरा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कोरबा में भी विजयादशमी की धूम रही। इस दौरान कोरबा के विभिन्न इलाकों में रावण दहन किया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में लोगों ने रावण का दहन किया।
कोरबा के लाल मैदान में 110 फीट ऊंचे रावण का दहन छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी की तरफ से प्रदेश के सबसे ऊंचे 110 फीट रावण, 65 फीट ऊंचे मेघनाथ और 60 फीट ऊंचे कुंभकरण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, विधुत कंपनी के एमडी समेत लगभग 35 हजार लोग मौजूद रहे। उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दी और कहा कि ये बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मैदान के आसपास भारी पुलिस बल तैनात था।
वही बुधवारी बाजार, मुड़ापार, महाराणा प्रतापनगर में रावण दहन देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। घंटाघर मार्ग पर शाम से ही सड़क पर चहल-पहल बढ़ गई थी। कई बार जाम की स्थिति भी निर्मित हुई। पुलिस ने चौक चौराहों पर बैरिकेड लगा दिया था, ताकि कार्यक्रम स्थल पर लोग वाहन में ना पहुंचे। बालको, कोसाबाड़ी दशहरा मैदान पर दशहरा पर वह बड़ी धूमधाम से मनाया गया।
