किसान की बेरहमी से हत्या, मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, हत्या की वजह आई सामने….
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के तखतपुर के ग्राम पकरिया में हुई कृषक राममनोहर कौशिक की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ। राममनोहर के खेत में चोरी करने वालों ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया था उन्हें डर था कि कहीं वे पकड़े न जाए। इस मामले में छोटू रजक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है।
19 नवंबर को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि राममनोहर कौशिक की हत्या कर उसका शव खेत में लटका दिया गया है। सूचना पर तखतपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल की जांच की। जांच में पता चला कि मृतक को ईंट से सिर पर मारा गया और केबल वायर से गला घोंटकर हत्या की गई। पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और ग्रामीणों से पूछताछ की गई।
जानकारी मिली कि गांव का छोटू रजक घटना के बाद से गायब है। उस पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 17-18 नवंबर की रात वह और एक नाबालिग मृतक के खेत से केबल वायर चोरी कर रहे थे। जब राममनोहर ने उन्हें पकड़ लिया, तो बदनामी के डर से उन्होंने ईंट और लकड़ी के डंडे से उसे मारा और केबल वायर से गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
