खननबाग सेवा समिति की मेहनत रंग लाई: पूजा, भव्य विसर्जन और आरु साहू की सुरमयी शाम से झूम उठा गेवरा-दीपका
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: गेवरा के इतिहास में इस बार गणेश उत्सव एक यादगार अध्याय बन गया। खननबाग सेवा समिति ने पिछले कई दिनों की अथक मेहनत और समर्पण से इस उत्सव को भव्यता के शिखर पर पहुंचा दिया, जब युवा मोबाइल में व्यस्त हैं, तब गेवरा के युवाओं ने भक्ति और संस्कृति को चुना, धर्म और समाज के प्रति युवाओं की ये एकजुटता वाकई काबिले-तारीफ और प्रेरणादायक है।
10 दिनों तक विधि-विधान से पूजा:
समिति के युवाओं ने दिन-रात एक करके गणपति बप्पा की सेवा की। रोज सुबह-शाम आरती, भोग-प्रसाद और भक्तों की सेवा में कोई कमी नहीं छोड़ी। पंडाल को छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में सजाया गया था जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।
भव्य विसर्जन यात्रा ने खींचा सबका ध्यान:
विसर्जन के दिन गेवरा की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों, डीजे और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। अनुशासन और भक्ति का ऐसा संगम गेवरा ने पहले कभी नहीं देखा।
सुपरहिट रहा आरु साहू का प्रोग्राम:
उत्सव के समापन पर समिति ने छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका आरु साहू का विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया। गेवरा स्टेडियम में रात 8 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में आरु साहू ने अपने भक्ति गीतों, जस गीतों और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों से समां बांध दिया।
छत्तीसगढ़ी गीतों पर पूरा स्टेडियम झूम उठा। गेवरा-दीपका क्षेत्र के हजारों दर्शक देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
स्थानीय लोगों ने कहा: “खननबाग सेवा समिति ने इस बार दिल जीत लिया। पूजा से लेकर विसर्जन और फिर आरु साहू का प्रोग्राम – सब कुछ परफेक्ट था। ऐसी यादें लंबे समय तक बनी रहेंगी।
समिति के आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को एकता और संस्कृति के सूत्र में बांधना था। भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
समिति ने पुलिस प्रशासन, नगर प्रशासन, गणेश समिति और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है।


