गणेश उत्सव से पहले कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 वारंटी भेजे गए जेल, 105 पर हुई कार्यवाही….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में 105 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस की कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों से लेकर लंबित अपराधों के आरोपियों तक को निशाने पर लिया गया। अभियान का उद्देश्य गणेश उत्सव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति और कानून-व्यवस्था संबंधी परेशानी को रोकना है।

50 गिरफ्तारी वारंट और 10 स्थायी वारंट तामील

अभियान के दौरान पुलिस ने 50 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। वहीं लंबे समय से फरार चल रहे 10 स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा 43 लंबित अपराधों के आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई, जबकि 2 लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

इस तरह पुलिस ने एक दिन में कुल 105 मामलों में कार्रवाई करते हुए गणेश उत्सव से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी सख्ती का संकेत दिया है।

बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर

गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान जिले में भीड़ बढ़ने को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। असामाजिक तत्वों और पूर्व बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए भी अभियान जारी रहेगा।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने या किसी तरह की आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गणेश उत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना कोरबा पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहने की बात कही गई है।

Share This Article