गणेश उत्सव में उपद्रव किया तो खैर नहीं, कोरबा पुलिस ने 32 गुंडे और 26 निगरानी बदमाशों को बदमाशों को दी सख्त चेतावनी  

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  गणेश चतुर्थी, गणेश उत्सव और विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों पर निगरानी बढ़ा दी है।

इसी कड़ी में जिले के अलग-अलग थाना, चौकी और अनुविभाग स्तर पर CSP/SDOP और थाना प्रभारियों ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की तस्दीक कर उन्हें सख्त समझाइश दी। पुलिस के अनुसार करीब 32 गुंडा बदमाश, 26 निगरानी बदमाश समेत मारपीट, लड़ाई-झगड़े और शरीर संबंधी अपराधों में पूर्व में संलिप्त लगभग 80 लोगों को समझाइश दी गई है।

त्योहार की आड़ में उपद्रव किया तो होगी कार्रवाई

पुलिस ने संबंधित लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान किसी भी तरह के विवाद, मारपीट, उपद्रव या आपराधिक गतिविधि से दूर रहें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने पूर्व अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों से अपने आचरण में सुधार लाने और उत्सव के दौरान शांति एवं भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

संवेदनशील इलाकों पर रहेगी नजर

गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर भी पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारियों को ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

कोरबा पुलिस का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि गणेश उत्सव शांति, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Share This Article