कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कटघोरा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की मौत से सनसनी फैल गई। महिला ने कुछ दिन पहले ही अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने पर वह ICU में भर्ती था। इसी बीच पारिवारिक विवाद के बाद महिला देर रात अस्पताल से अचानक लापता हो गई। अगले दिन उसका शव जेंजरा मेन रोड के पास एक पेड़ से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान छुरीकला निवासी कविता केंवट (23 वर्ष) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले अजय केंवट (25 वर्ष) से हुई थी। कविता को प्रसव के लिए 10 सितंबर को जेंजरा स्थित जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने बेटे को जन्म दिया।
नवजात ICU में भर्ती, मां के लापता होने से मचा हड़कंप
डिलीवरी के बाद बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल के SNCU/ICU में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि 14 सितंबर की रात किसी बात को लेकर कविता अपने परिजनों से नाराज हो गई। इसके बाद वह अस्पताल से बिना बताए बाहर निकल गई।
काफी देर तक जब कविता वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अस्पताल और आसपास के इलाकों में रातभर खोजबीन की गई। परिजनों ने सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर साझा कर लोगों से भी तलाश में सहयोग की अपील की।
सुबह से जारी तलाश के बीच पेड़ पर मिला शव
अगले दिन जेंजरा मेन रोड के पास ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर सरपंच और कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर उसकी पहचान कराई, जिसके बाद पता चला कि मृतका वही कविता है, जो अस्पताल से लापता हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पारिवारिक विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच
पुलिस के अनुसार महिला की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पारिवारिक विवाद के साथ अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
परिजनों के मुताबिक कविता की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और वह छोटी-छोटी बातों पर जल्दी गुस्सा हो जाती थी। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी एक वजह को मौत का कारण नहीं माना है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
