कोरबा:  मध्यान्ह भोजन में मिला कीड़ा, छात्र ने की शिकायत तो समूह की महिला ने मारा थप्पड़

3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के गवर्नमेंट मिडिल स्कूल घुईचुवां में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली समूह की महिला पर एक छात्र को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है बुधवार को स्कूल में पढ़ने वाले 61 बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन गंगा महिला स्व सहायता समूह द्वारा पकाया गया था, जिसमें कीड़े मिले थे। जब बच्चों ने इसका विरोध किया, तो समूह की अध्यक्ष कौशल्या बाई कंवर ने एक 8वीं के छात्र के गाल पर थप्पड़ मार दिया।

इस घटना के बाद शिक्षकों ने बीईओ पाली श्यामानंद साहू से शिकायत की, जिसके बाद एबीईओ एमआर मरकाम को जांच के लिए मौके पर भेजा गया था। जांच के बाद गंगा स्व सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है और उसके स्थान पर प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली अन्य समूह को नियुक्त कर दिया गया है।

गंगा स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा मध्यान्ह भोजन के लिए मिलने वाले चावल की बिना साफ सफाई किए ही पकाया जाता है। जिसके कारण आए दिन भोजन में बच्चों को कोई न कोई शिकायत होती रहती थी। बुधवार जो भोजन प्रभारी शिक्षक को परोसा गया था उसमें तो कीड़ा नहीं दिखा लेकिन बच्चों की थाली में साफ साफ दिखाई दिया।

इस संबंध में जब स्कूल के प्रधान पाठक चमार सिंह श्याम से पूछा गया तो उन्होंने घटना होने की न केवल पुष्टि की वरन यह भी कहा कि बीईओ ने तत्काल मामले की जांच करने एबीईओ एमआर मरकाम को भेजा था। एबीईओ मरकाम ने उनका बयान लेने के बाद स्कूल के बच्चों का पक्ष रिकार्ड कर लिए हैं।

पाली बीईओ श्यामानंद साहू ने कहा कि मामले की शिकायत शिक्षकों द्वारा बुधवार को गई थी जिसके बाद एबीईओ को जांच के लिए मौके पर भेज दिया गया था। शिकायत व जांच के बाद मामला सही पाए जाने पर गंगा स्व सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया। उस समूह के स्थान पर प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली अन्य समूह को नियुक्त कर दिया गया है, ताकि बच्चों को बेहतर व स्वादिष्ट भोजन मिल सके।

Share This Article