दंतेवाड़ा/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के दिवंगत भाजपा विधायक भीमा मंडावी की बेटी दीपा मंडावी ने रविवार को उत्तराखंड के देहरादून में स्थित अपने पीजी में आत्महत्या कर ली। दीपा देहरादून में रहकर वह पढ़ाई कर रही थी। हाल ही में वह अपने घर दंतेवाड़ा भी आई थी और कुछ दिन पहले ही देहरादून के एक नए पीजी में शिफ्ट हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद दीपा के परिवार ने देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं।
दीपा की मां, ओजस्वी भीमा मंडावी, जो राज्य महिला आयोग की सदस्य हैं, इस समय गहरे सदमे में हैं। दीपा के आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन इस घटना से मंडावी परिवार समेत पूरे दंतेवाड़ा में शोक की लहर है। दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, पूर्व विधायक देवती कर्मा, जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा समेत कांग्रेस पार्टी के अन्य नेता भी दीपा के घर पहुंचे हैं और शोक संतप्त परिवार के साथ मौजुद हैं।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा कि दंतेवाड़ा के पूर्व विधायक स्व. भीमा मंडावी जी और राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी जी की बिटिया दीपा मंडावी के आकस्मिक निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। ओजस्वी जी से फोन पर बात कर इस दुःखद घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
गौरतलब है कि दीपा के पिता और भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सलियों ने 9 अप्रैल 2019 को हत्या कर दी थी। यह घटना लोकसभा चुनाव के मतदान से ठीक दो दिन पहले दंतेवाड़ा के कुआकोंडा इलाके के श्यामागिरी में हुई थी। इस हमले में भीमा मंडावी और उनका ड्राइवर समेत तीन पुलिसकर्मी भी शहीद हुए थे। इस हमले के बाद केंद्र सरकार ने एनआईए से जांच का आदेश दिया था और मई 2019 में एनआईए ने इस मामले में केस दर्ज किया था।
बता दें कि दीपा मंडावी उत्तराखंड के देहरादून में एक पीजी में रहकर फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रही थी। उसकी पढ़ाई का यह अंतिम वर्ष था, लेकिन दीपा ने 26 जनवरी रविवार को आत्महत्या कर ली। दीपा हाल ही में अपने घर दंतेवाड़ा आई थी और कुछ दिन बाद देहरादून लौटी थी। इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि भीमा के रहते हुए 2013 में सबसे बड़ी बेटी ने आत्महत्या कर ली थी। वह रायपुर में एक हास्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। फिलहाल पुलिस ने छोटी बेटी दीपा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं हॉस्टल की अन्य स्टूडेंट्स और वार्डन से पूछताछ की जा रही है।
