नगर पालिका दीपका अध्यक्ष पद और वार्ड पार्षद के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन दाखिल किया है।
कोरबा/दीपका: दीपका नगर पालिका में चुनाव को लेकर नामांकन दाखिल करने को प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. कांग्रेस के वार्ड पार्षद और अध्यक्ष प्रत्याशी मंगलवार को रैली निकालकर अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे. पूर्व विधायक और कॉंग्रेस के प्रदेश सचिव तनवीर अहमद की अगुवाई में सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस प्रत्याशियों ने कॉंग्रेस कार्यालय से पूरे दीपका में रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।

कांग्रेस प्रत्याशियों ने भरा अपना नामांकन: नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है. कांग्रेस ने नगर पालिका दीपका अध्यक्ष प्रत्याशी विशाल शुक्ला और सभी 21 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन के बाद अध्यक्ष प्रत्याशी विशाल शुक्ला ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरी है.कांग्रेस पार्टी ने भरोसा जताया है, उसके इस भरोसे को कायम रखते हुए हम चुनाव जीतेंगे. जनता से भी समर्थन मिल रहा है. इस बार जीतने के बाद दीपका शहर में विकास ही पहली प्राथमिकता रहेगी: विशाल शुक्ला, अध्यक्ष प्रत्याशी, कांग्रेस
“कांग्रेस पार्टी की जीत निश्चित”: कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ नामांकन रैली में पूर्व विधायक और कॉंग्रेस के प्रदेश सचिव भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नगर के विकास के लिए पूरी तरह से समर्पित है. इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत निश्चित है. कांग्रेस इस बार अंतर्कलह से बच गई है और सभी के सहमति से जिताऊ प्रत्याशी को मौका देते हुए पार्टी एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरी है.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा गजब उत्साह: दीपका नगर पालिका में कांग्रेस की इस नामांकन रैली ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है. आज नामांकन प्रक्रिया के दौरान कार्यकर्ताओं में गजब उत्साह देखने को मिला. अब देखना यह होगा कि यह शक्ति प्रदर्शन कांग्रेस के पक्ष में कितना असर डालता है।
दीपका से अनिल जाटवर कि रिपोर्ट
