गर्भवती युवती के मौत के मामले में बड़ा खुलासा, प्रेमी ने ही की थी हत्या, लिव-इन में साथ रह रहे थे दोनों, जानें हत्या की वजह…
सरगुजा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सरगुजा जिले में 8 महीने की गर्भवती युवती की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने गर्भवती युवती के प्रेमी को ही गिरफ्तार किया है। प्रेमी को शक था कि युवती का किसी और के साथ संबंध है और युवती के गर्भ में पल रहा बच्चा भी उसका नहीं है। इसी संदेह पर उसने गर्भवती प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया।
यह पूरा मामला दरिमा थाना क्षेत्र के जयपुर गांव का है। बुधवार सुबह एक खेत में गांव की ही अनिला सिंह (22 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। गर्भवती युवती की लाश मिलने के बाद एक शपथ पत्र पुलिस के हाथ लगा था। यह भी जांच का आधार बना। यह शपथ पत्र दोनों के विवाह से जुड़ा हुआ था। मृतका अनिला सिंह का प्रेम संबंध अनिल सिंह (19वर्ष) गोंड़ से था। दोनों लिव इन रिलेशन में साथ रह रहे थे। इसी बीच अनिला गर्भवती हो गई थी। उसके बाद दोनों ने 15 दिसंबर 2024 को सकलपुर के मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया था। 19 दिसंबर 2024 को दोनों ने शपथ पत्र बनवाया था। दोनों अनिला के घर जयपुर में रह रहे थे।
आरोपी अनिल सिंह ने प्रेम विवाह जरूर किया था, लेकिन उसे संदेह था कि अनिला का प्रेम संबंध किसी अन्य युवक से है। युवती के बच्चे को भी दूसरे का बच्चा बताता था। दोनों के बीच विवाद इसी बात को लेकर था। परेशान होकर प्रेमी उसे छोड़कर अपने घर सेमरिया चला गया था। घटना वाले दिन अनिल वापस जयपुर पहुंचा। अनिला सिंह ने जब प्रेमी के साथ उसके घर जाने की जिद की तो अनिल सिंह तैयार नहीं हुआ। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और अनिल सिंह ने अनिला की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने प्रेमिका की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी प्रेमी ने बताया कि घटना वाली रात उसी ने फोन कर अनिला को घर से बाहर बुलाया था। खेत में दोनों ने साथ बैठकर बात की। प्रेमिका साथ चलने की जिद कर रही थी जबकि प्रेमी उसके चरित्र और गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर संदेह जता रहा था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और अनिल सिंह ने गला दबाकर प्रेमिका की हत्या कर मौके से भाग गया था। अनिला के फोन पर प्रेमी अनिल सिंह ने कॉल किया था, इसकी पुष्टि भी जांच में हुई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्यवाही कर रही है।
