घर घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत…
बलरामपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कोटराही गांव में देर रात पड़ोसी ने एक युवक पर घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब दो बजे के आसपास की बताई जा रही है, जब आरोपी संजय खेरवार मृतक ओमप्रकाश कुशवाहा पिता अंबिका कुशवाहा के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर फरार हो गया। घटना के बाद युवक की तलाश शुरू हुई तो वह अपने घर के छत में छिपा मिला, जिसे पकड़कर पुलिस थाने ले गई। बताया जा रहा है कि मृतक ने पहले भी आरोपी पड़ोसी की पुलिस से शिकायत की थी। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
