ट्रक और बोलेरो में हुई जोरदार टक्कर, हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत, कई गंभीर, मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे सभी
सरगुजा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सरगुजा जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक (कंटेनर) और बोलेरो में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में बच्चे सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वही 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिशनपुर प्लांट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 बालमपुर में यह हादसा हुआ है। महाशिवरात्रि के अवसर पर सखोली रेवापुर निवासी अपने बोलेरो से किलकिला शिव मंदिर दर्शन को गए थे। इसी बीच वापस घर लौटते समय एनएच- 43 बालमपुर टीबीसीएल प्लांट के सामने तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद गुस्साए भीड़ ने कंटेनर को आग के हवाले कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी राजेंद्र मंडावी सहित पुलिस टीम पहुंची जिससे 7 घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया जहां सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान राजकुमार 61 वर्ष, अंजलि 26 वर्ष, सूरज 13 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे में एक बच्चे की भी मौत हुई है। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मुख्यमंत्री साय ने जताया दुःख:
हादसे पर सीएम साय ने दुःख जताया है उन्होंने सोशल मीडिया एक्स में पोस्ट करते हुए लिखा- सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में बोलेरो-कंटेनर के बीच हुई सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है। हादसे में 6 लोगों के आंशिक रूप से घायल होने की भी खबर है। सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
