कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में फांसी के फंदे से लटकती एक युवक की लाश मिली है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक ने किन कारणों से यह आत्मघाती कदम उठाया इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला बांकीमोंगरा क्षेत्र का है। मृतक की पहचान सूर्या चौहान (30 वर्ष) के रूप में हुई है। शुक्रवार की सुबह जंगल साइट के मैग्जिन ग्राउंड स्थित निर्माणाधीन घर की खिड़की के ग्रिल में सूर्या की लाश लटकते हुए देखा गया। स्थानीय लोगों ने सुबह के समय देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। वहीं घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। मामले में पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।
