सैनिटाइजर से सिगड़ी जलाते समय हुआ था हादसा, आग से झुलसी ननद-भाभी की हुई मौत

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में सिगड़ी जलाते समय आग की चपेट में आने से घायल हुए ननद-भाभी की मौत हो गई। कुछ दिनों तक रायपुर निजी अस्पताल में चले इलाज के बाद सेहत में सुधार नहीं होने पर दोनों को कोरबा लाया जा रहा था जहां रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। दोनों मृतका का नाम गीता और संतोषी यादव है।

जानकारी के अनुसार कोरबा में कोतवाली थाना के सीतामणि स्थित गोकुलगंज में रहने वाली संतोषी यादव कुछ दिन पहले गेवरा बस्ती स्थित अपने मायके गई हुई थी, जहां अपनी भाभी गीता यादव के साथ वह खाना बनाने के लिए कोयले की सिगड़ी जला रही थीं। कोयला जल्दी जल नहीं रहा था और केरोसिन तेल नहीं था। इसलिए दोनों ने सैनिटाइजर का इस्तेमाल का निर्णय लिया। सैनिटाइजर डालते ही आग की लपटें तेजी से उठीं और दोनों महिलाएं इसकी चपेट में आ गई। जिससे ननद और भाभी गंभीर रूप से झुलस गई। तत्काल परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें बिलासपुर फिर रायपुर रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। लेकिन सुधार नहीं हुआ तब वे कोरबा लौट रहे थे, जहां रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। घर आने के बाद बिना पुलिस कार्रवाई के दोनों के अंतिम संस्कार करने की तैयारी चल रही थी। इस बीच परिजनों को बताया गया कि अप्राकृतिक मौत के मामले में प्रशासन की तरफ से मुआवजा मिलता है। इस पर दोनों शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

Share This Article