25 फीट ऊंचाई से गिरकर मजदूर की हुई दर्दनाक मौत, कुसमुंडा खदान की घटना, आक्रोशित परिजनों ने मजदूरों के साथ किया प्रदर्शन

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कुसमुंडा खदान में दो दिन पहले 25 फीट की ऊंचाई से गिरकर मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं आज मृतक के परिजनों ने मजदूरों के साथ प्रदर्शन किया जिसके बाद प्रबंधन ने मुआवजा राशि दी। वहीं मजदूरों ने कंपनी पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है। 

जानकारी के अनुसार 11 मार्च को कोल वाशरी के M.P.T K.D.I कंपनी में बिना किसी सुरक्षा उपकरण के 26 वर्षीय मजदूर किशन कुमार कोल शिफ्टिंग के ऊपर वेल्डिंग का काम कर रहा था। इस दौरान वह 25 फीट ऊपर से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद खदान में हड़कंप मच गया। प्रबंधन ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गुस्साए मजदूरों के साथ कंपनी की लापरवाही को लेकर जमकर नारेबाजी की और प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

मजदूरों का आरोप है कि खदान में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जाता, जिससे आए दिन इस तरह के हादसे हो रहे हैं। मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि मृतक किशन कुमार बिना हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट के वेल्डिंग कर रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। यही नहीं, अन्य कई मजदूर भी बिना सुरक्षा उपकरणों के जोखिम भरा काम कर रहे थे, जिससे कंपनी की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। कुसमुंडा थाना प्रभारी रूपक शर्मा ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं कंपनी ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की घोषणा की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article