कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में मरीज को लेने जा रही 102 महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस बेंद्रकोना गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करते समय वह बीच सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक को गंभीर चोटें आईं हैं।
जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार रात की है। एंबुलेंस जिला मेडिकल कॉलेज से एक मरीज को लेने जा रही थी। एंबुलेंस बेन्द्रकोना मुख्य मार्ग पर पहुंची ही थी कि एक अन्य तेज रफ्तार वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद चालक काफी देर तक एंबुलेंस में ही फंसा रहा, जिसे वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल वाहन से बाहर निकाला और आनन फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। एंबुलेंस चालक देवदास को गंभीर चोटें आईं हैं। गनीमत यह रही कि घटना के समय एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। फिलहाल घायल चालक का अस्पताल में इलाज जारी है।
