कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि नशे में धुत पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया, यह बात पति को रास नहीं आया। पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया, उसके पैर तोड़ दिए जिससे वह खून से लथपथ हो गई। पत्नि को डॉक्टर के पास ले जाने के बजाय पति ने चूल्हे के पास चादर ओढ़ाकर उसे छोड़ दिया जहां सुबह तक पत्नी की मौत हो चुकी थी। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा मामला लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम डीड़ासराई का है। सुनाराम मांझी और उसकी पत्नी सनमती बाई (35) होली के दिन शराब का सेवन कर रहे थे। शाम को सुनाराम ने पत्नी से खाना बनाने को कहा। लेकिन नशे में धुत सनमती ने खाना बनाने से मना कर दिया। बस इतनी सी ही बात लेकर गुस्साए पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में सनमती का एक पैर टूट गया और सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई।
जब अगले दिन सुबह सुनाराम के पिता हरिराम मांझी अपने 3 नाती-पोतों की तलाश में बेटे के घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सनमती चूल्हे के पास चादर ओढ़कर पड़ी है। जब चादर हटायाकर देखा तो वह खून से लथपथ थी। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी, शव को पीएम के लिए भेजा गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सिर और चेहरे पर चोट के कारण बहुत ज्यादा खून बह गया जिसके कारण उसकी मौत हुई है। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी पति ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार जेल भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
