रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने कश्मीर घूमने आए पर्यटकों को निशाना बनाया। मंगलवार दोपहर को हुई इस घटना में 26 लोगों की मौत हो गई। इस दुखद घटना में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कारोबारी दिनेश मीरानिया की भी मौत हो गई। वे अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जम्मू कश्मीर घूमने गए थे। घटना की सूचना मिलते ही कारोबारी दिनेश मीरानिया के रिश्तेदार और परिजन जम्मू कश्मीर के लिए रवाना हो गए हैं।
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया के दुःखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह नृशंस और अमानवीय कृत्य अत्यंत निंदनीय है। आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है, और इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
पहलगाम में हुआ आतंकी हमला बेहद कायराना
राज्यपाल रमेन डेका ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को बेहद कायराना हरकत बताते हुए इसकी कड़ी निन्दा की और इस हमले में मारे गए लोगों की सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। राज्यपाल ने कहा कि समूचा देश मृतकों के परिजनों के साथ खड़ा है। राज्यपाल ने रायपुर के व्यापारी दिनेश मिरानिया के निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त कर ईश्वर से मृतात्मा की सद्गति एवं परिजनों को इस विकट परिस्थिति में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की और राज्य शासन को मृतक के परिजनों की हर संभव सहायता करने हेतु निर्देशित किया।
