कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है यहां में एक 17 वर्षीय नाबालिग युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जान देने से पहले उसने अपने मोबाइल में एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें तीन युवकों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सीएसईबी चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत 15 ब्लॉक कॉलोनी से लगे झोपड़पट्टी इलाके का है। मृतक की पहचान शुभम साहू (17वर्ष) के रूप में हुई। वह अपने परिवार के साथ निवास करता था। मृतक के पिता ने बताया कि उनका परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। शुभम घर में अकेला था। शुभम ने फोन पर बात भी की थी जिसमें उसने पूछा था कि पापा खाना खाने आओगे कि नहीं। उसने काम पर हूं तुम खाना खा लेना की बात कहते हुए फोन रख दिया। कुछ समय बाद पड़ोसियों से फोन पर जानकारी मिली कि शुभम ने फांसी लगा ली है।

शुभम के पिता मुकेश कुमार साहू ने बताया कि उसका बेटा जानवरों से बहुत प्यार करता था और ‘पैट शॉप’ में काम करता था। आगे बताया कि कि शुभम ने मोबाइल में सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने तीन युवकों द्वारा लगातार परेशान किए जाने का जिक्र किया है। शुभम ने सुसाइड नोट में लिखा, ये लोग मुझे परेशान कर रहे हैं। मेरा जीना हराम कर दिए हैं। मेरा इधर-उधर जाना बंद कर दिए हैं। सुसाइड नोट में शुभम तिवारी और आशीष कदम के नाम सामने आए हैं। तीसरे युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है और उसमें मिले सुसाइड नोट की जांच कर रही है। पिता ने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
