खदान में एसईसीएल कर्मचारी की फंदे पर लटकती मिली लाश, मचा हड़कंप

2 Min Read

खदान में एसईसीएल कर्मचारी की फंदे पर लटकती मिली लाश, मचा हड़कंप

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के एसईसीएल बांकीमोंगरा कोयला खदान में एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। घटना के बाद से खदान के अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान तुलसीदास उम्र (48 वर्ष) के रूप में हुई है। तुलसीदास अपनी पत्नी, दो बेटों और एक बेटी के साथ एसईसीएल कॉलोनी गजरा में निवास करता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी के दौरान तुलसीदास ने अंडरग्राउंड खदान के एक कोने में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब अन्य कर्मचारी काम से बाहर निकल रहे थे, तब उन्हें शव दिखा। जिसके बाद उन्होंने तत्काल एसईसीएल प्रबंधन और बांकीमोंगरा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो किलोमीटर पैदल चलकर खदान के अंदर पहुंची जहां शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद उसे पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। जांच के दौरान मृतक के जेब से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें लिखा था कि वह बीपी और शुगर से बीमार था। बीमारी से परेशान होकर उसने अपनी जान दी है। फिलहाल पुलिस में आगे की कार्यवाही कर रही है।


Share This Article