कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज़: कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती ने अपनी सगाई से एक दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की कुछ ही दिन में शादी भी होने वाली थी। युवती ने किन कारणों से यह आत्मघाती कदम उठाया इसका अभी पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम करमंदी का है। मृतका की पहचान कविता (24वर्ष )के रूप में हुई है। कविता के पिता सालिक राम खेती-किसानी का काम करते हैं। उनकी तीन बेटियां हैं। उनकी सबसे छोटी बेटी कविता बीएससी की पढ़ाई कर घर का कामकाज देख रही थी। कविता की शादी तय हो चुकी थी। 28 अप्रैल को उसकी सगाई होनी थी और 9 मई को शादी होने वाली थी। रविवार को पूरा परिवार सगाई की तैयारियों में जुटा हुआ था।
इसी बीच कविता ने बाथरूम गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकली, तो उसकी मां को अनहोनी की आशंका हुई। मां ने बाथरूम की खिड़की से झांककर देखा, तो कविता चुनरी के सहारे पाइप के एंगल से फांसी पर लटकते मिली। जिसके बाद मां ने इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी। जहां वे मौके पर पहुंचे और कविता को फंदे से नीचे उतार कर तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और आगे कार्यवाही में जुट गई।
