कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में एसईसीएल के एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक सुबह अपने ड्यूटी पर गया था जहां से लौटने के बाद दोपहर को उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान गोपाल राम उम्र (42 वर्ष) के रूप में हुई जो कि विकास नगर कुसमुंडा के क्वार्टर नंबर एम-444 में निवास करता था। गोपाल के साथ उसका साथी सूरत लाल भी एक ही क्वार्टर में रहता था। सूरत लाल सोमवार को अपने गांव गया हुआ था। बताया जा रहा है कि गोपाल सुबह पहली शिफ्ट की ड्यूटी पर गया था। दोपहर 2 बजे घर लौटने के बाद उसने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया था। उसका साथी सूरज लगातार कॉल कर रहा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खटखटाने पर भी उसने कोई जवाब नहीं दिया जिसके बाद उसने अनहोनी की आशंका जताते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर देखा तो गोपाल की लाश पंखे से लटक रही थी।
बताया गया कि गोपाल और सूरत लाल दोनों का कुछ महीने पहले ही कुसमुंडा ट्रांसफर हुआ था। इससे पहले दोनों भटगांव में रह रहे थे। वहीं पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।
