जंगली सुअर ने ग्रामीण पर किया हमला, गंभीर रूप से किया घायल

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के बालको वन परिक्षेत्र के सतरेंगा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जंगल में वनोपज संग्रह करने गए एक आदिवासी ग्रामीण पर जंगली सुअर ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय वहां मौजूद शिकारियों ने देखने के बाद भी घायल ग्रामीण की मदद नहीं की और मौके से भाग निकले। 

जानकारी के मुताबिक काशीपानी निवासी 35 वर्षीय प्रताप सिंह मंझवार शनिवार सुबह जंगल में वनोपज संग्रह कर रहा था। उसी समय कुछ शिकारी तीर-धनुष से जंगली सुअर का शिकार कर रहे थे। शिकारियों के तीर लगने से सुअर आक्रोशित हो गया और पास ही झाड़ी में वनोपज बीन रहे प्रताप पर शिकारी समझ कर हमला कर दिया। सुअर ने अपने नुकीले दांत से प्रताप के सीने के दाहिने हिस्से पर वार किया। हमले में ग्रामीण तड़पता रहा लेकिन शिकारी ने कोई मदद नहीं की और घायल प्रताप को वहीं छोड़कर भाग निकले।

जंगल में मौजूद अन्य ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। 108 एम्बुलेंस को सूचित किया गया, सूचना के बावजूद न तो 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस और न ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आनन फानन में परिजन घायल प्रताप को मोटरसाइकिल से कोरबा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। गए। जहां प्रताप का इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सुअर के दांत का हमला सीने के दाहिनी तरफ हुआ है। फिलहाल, युवक की हालत स्थिर है। 

Share This Article