कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मामूली से बात को लेकर 13 साल की छात्रा ने फांसी लगा ली। छात्रा ने अपनी बड़ी बहन का कपड़ा पहन लिया था जिससे दोनों बहनों में विवाद हुआ जिसके बाद 13 साल की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक यह मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है। मृतका प्रियांशी जायसवाल (13 वर्ष) आनंद नगर में अपने माता पिता और बड़ी बहन के साथ रहती थी। प्रियांशी आठवीं कक्षा की छात्रा थी। प्रियांशी जायसवाल ने अपनी बड़ी बहन का कपड़ा पहन लिया था। इसी बात पर दोनों बहन में विवाद हुआ। विवाद के समय मां घर पर मौजूद थी। दोनों बहनों में विवाद के बाद मां ने दोनों को डांट लगाकर समझाया भी था। इसके बाद प्रियांशी गुस्से में अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं निकली। परिजनों ने जाकर देखा तो वह कमरे में दुपट्टे के फंदे पर लटकती मिली।
प्रियांशी के पिता रमेश जायसवाल पेशे से मजदूर हैं। उन्होंने बताया कि प्रियांशी आठवीं कक्षा की छात्रा थी। पढ़ाई में होशियार थी, लेकिन गुस्सा भी जल्दी आ जाता था। उन्हें पता नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी। वहीं रमेश जायसवाल ने ये भी बताया कि बेटी को अस्पताल भी ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें खूब घुमाया। सोमवार शाम हुई मौत का मेमो पुलिस को 17 घंटे बाद मिला। अस्पताल की लापरवाही पर चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने बताया कि मेमो मिलने के बाद ही पंचनामा की कार्रवाई की गई। मेमो देर से मिलने जैसी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
