कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज दोनों आरोपी कैद हुए थे जिसके आधार पर आधार पर आरोपियों से चोरी की स्प्लेंडर बाइक भी बरामद कर ली गई है।
यह पूरा मामला मानिकपुर बस्ती का है। जानकारी के मुताबिक रामकुमार कुरें अपने रिश्तेदार के घर आए थे। उन्होंने अपनी स्प्लेंडर बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद बाहर निकलने पर बाइक गायब मिली। जिसके बाद उन्होंने मानिकपुर चौकी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। मानिकपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। वहीं सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान इसमें दो युवक मास्टर चाबी से बाइक चोरी करते दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने साहिल बागले (19 वर्ष), निवासी पंप हाउस वाटर नंबर M-14, को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपने दोस्त उज्जवल खूंटे (20 वर्ष), निवासी ग्राम बगलोट, सारंगढ़ जिला बिलाईगढ़, के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। बताया कि उज्जवल खूंटे कुछ दिनों पहले कोरबा में अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था। उसकी साहिल से पहले से दोस्ती थी। दोनों ने मिलकर दिनदहाड़े बाइक चोरी की और मौके से फरार हो गए।

चोरी के बाद साहिल ने उज्जवल को बाइक सौंप दी। उज्जवल बाइक लेकर अपने गांव चला गया। पुलिस ने उसे भी ट्रेस कर हिरासत में ले लिया है और उसके पास से चोरी की बाइक बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी सीएसईबी चौकी क्षेत्र में चोरी के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। पुलिस इनसे अन्य चोरी की वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है, जिससे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
