कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के एसईसीएल गेवरा कोयला खदान में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मिट्टी धंसने से 2 लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि 3 युवक कोयला चोरी करने खदान में घुसे थे जहां खुदाई के दौरान यह हादसा हो गया।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला दीपका थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान विशाल यादव (18 वर्ष) और धन सिंह कंवर (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं साहिल धनवार (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही एसईसीएल प्रबंधन और दीपका पुलिस मौके पर पहुंची। 7 घंटे कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मृतकों की डेडबॉडी रिकवर की गई है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं एसईसीएल प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपए मुआवजा और एसईसीएल की निजी कंपनी में परिवार के लोगों को नौकरी देने का आश्वासन दिया है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह-सुबह 3 दोस्त खदान में कोयला चोरी करने के लिए पहुंचे थे। तीनों युवक अपने साथ सब्बल और कोयला निकालने के लिए अन्य चीजें रखे थे। वह जैसे ही कोयला निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे। 20-25 फीट गहरी खदान में मिट्टी धसकने लगी, जिसमें तीनों लोग दब गए। हादसे में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक का रेस्क्यू किया गया। घायल युवक साहिल को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां युवक का इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने रेस्क्यू कर दोनों शव को बाहर निकालकर पीएम के लिए भेज दिया है।घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
