कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में ट्रक ड्राइवर से लूटपाट करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साइबर सेल कोरबा एवं थाना बांगो ने संयुक्त कार्रवाई की है। घटना में प्रयुक्त टाटा जेस्ट कार क्रमांक CG 12 AS 9233 को ज़ब्त किया गया है।
प्रार्थी रोशनलाल नेताम, निवासी ग्राम आनंदपुर, पोस्ट चिटौद, थाना पुरूर, जिला बालोद, ने बताया कि वह वर्तमान में वैभव नंदा सेठ (निवासी धमतरी) के नंदा ट्रांसपोर्ट में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत है। प्रार्थी अपने हेल्पर दिनेश साहू के साथ ट्रक क्रमांक CG-08-W-9515 में हाईब्रिड धान लोड कराकर पुरूर से अंबिकापुर के लिए रवाना हुआ था। 21 मई को धान भरकर अंबिकापुर से कोण्डागांव के लिए निकला। रात्रि लगभग 2:30 से 3 बजे के मध्य, चोटिया टोल से लगभग 18–20 किलोमीटर आगे एक पुलिया के पास ट्रक का टायर फटने पर वाहन को किनारे लगाकर नया टायर लगाया जा रहा था। तभी एक सफेद रंग की टाटा जेस्ट कार ट्रक के पीछे आकर रुकी।
कार से एक व्यक्ति पानी माँगने के बहाने नीचे उतरा और अन्य 2-3 लोग भी उतरकर ट्रक ड्राइवर और हेल्पर के साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने टायर लीवर से प्रार्थी के साथ हमला किया एवं हेल्पर के साथ केबिन में घुसकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने ट्रक के केबिन से खाकी शर्ट (जिसमें वीवो कंपनी का मोबाइल, पर्स जिसमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, 1000 नगद एवं कृषक संगवारी समिति, करजी अंबिकापुर से प्राप्त 39,000 एडवांस राशि रखी थी) सहित सामान लूट लिया और मौके से फरार हो गए। जिसकी सूचना डायल 100 के माध्यम से थाना बांगो को दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा एवं SI अजय सोनवानी के संयुक्त नेतृत्व मे पुलिस टीम गठित कर विवेचना प्रारंभ की गई। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए एवं कार के टूटे हुए पीछे के शीशे को आधार मानते हुए कोरबा क्षेत्र के गाड़ी मरम्मत करने वालों को सूचित किया गया। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर टीपी नगर स्थित एक दुकान में शीशा बदलवाने आई सफेद जेस्ट कार की पहचान की गई। मौके पर पुलिस ने दबिश देकर विवेक सिंह उर्फ दादू को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में घटना को स्वीकार किया। अभी तक आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार एवं 1600 रुपए नगद जप्त किए है बाकी अन्य आरोपियों की पता तलाश की जा रही है। उसकी निशानदेही पर सुमित रजक को भी गिरफ़्तार किया गया, जिसने पूछताछ में अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4), 309(6) के तहत कार्यवाही कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी-
1. सुमित रजक, पिता – दिलहरण रजक, उम्र – 29 वर्ष, निवासी – वार्ड क्रमांक 07, कृष्णानगर, मदरसा के पास, दीपका, थाना दीपका, जिला कोरबा।
2. विवेक सिंह उर्फ दादू, पिता – स्व. अमर सिंह, निवासी – पोड़ीबहार, रामपुर।
