कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के दोंदरो गांव में शादी नहीं कराने से परेशान होकर एक कलयुगी बेटे ने अपने पिता को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया। अब इस मामले में कोर्ट ने दोषी बेटे को करीब 11 महीने बाद उम्रकैद की सजा सुनाई है।

यह पूरा मामला 16 जून 2024 की रात की है। आरोपी अजय केेंवट (30 वर्ष) अपने पिता दिलचंद केेंवट (55 वर्ष) के साथ दोंदरो गांव में रहता था। परिवार में तीन भाई हैं जिनमें से दो बड़े भाई शादी कर अलग रह रहे थे, जबकि अजय पिता के साथ रहकर घर की देखरेख और खाना-पीना बनाता था। लेकिन अशोक लंबे समय से अपनी शादी को लेकर परेशान था। वह चाहता था कि उसके पिता उसकी शादी करवाएं, लेकिन किसी न किसी वजह से बात नहीं बन पा रही थी। घटना वाले दिन रात के खाने के बाद दोनों अपने-अपने बिस्तर पर थे।
तभी अजय ने पिता से शादी न करवाने की शिकायत करते हुए कहा की आखिर कब तक आपके लिए खाना बनाता रहूं घर की सफाई करता रहूं? इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में अजय ने कुल्हाड़ी उठाकर अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, हमले में दिलचंद की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद अजय खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर गली में चिल्लाता हुआ भागा और लोगों को बताया कि उसने अपने पिता की हत्या कर दी है। इसके बाद वह गांव के पास स्थित एक स्कूल में जाकर छुप गया जहां ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस सनसनीखेज हत्याकांड की सुनवाई तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार की अदालत में हुई। शासकीय अभिभाषक कृष्णा द्विवेदी ने अदालत में मजबूत साक्ष्य और गवाह पेश किए जिसके आधार पर आरोपी अजय केवट को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
