कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल में हाथी आतंक लगातार जारी है। हाथी ने फिर एक ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला पसान रेंज के ग्राम बनिया का है। मृतक की पहचान तीजराम (22 वर्ष) के रूप में हुई है। तीजराम गुरुवार शाम 8 बजे करीबन गांव से सटे नर्सरी जंगल में शौच के लिए गया था। जहां उसका सामना हाथी से हो गया। वह कुछ समझ पाता इससे पहले हाथी ने उसे सूंड से पटक पटककर मार डाला।
हमला के बाद हाथी आसपास ही विचरण कर रहा था। जहां हाथी की चिंघाड़ सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब तीजराम वापस घर नहीं लौटा, तो ग्रामीण उसे ढूंढने निकले। जहां उन्होंने देखा कि तीजराम मृत अवस्था में पड़ा था। जिसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को इसकी तत्काल सूचना दी। लेकिन सूचना मिलने के बाद भी वन विभाग के कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे। इस दौरान हाथी आसपास के क्षेत्र में विचरण कर रहा था, जिससे लोगों की जान खतरे में थी।
काफी समय बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा गया। घटना के बाद से डर से सहमे ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हो गए। वहीं वन विभाग की टीम द्वारा लगातार हाथी पर निगरानी रखी जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अलर्ट किया है उन्हें जंगल जानें से मना किया गया है।
