कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले की पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में नवापारा पंचायत के सचिव का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा रहा है सचिव नशे में दफ्तर के टेबल पर पैर रखकर सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। सचिव की इन हरकतों से ग्रामीण काफी परेशान हैं। ग्रामीणों ने लापरवाह सचिव पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नशे में धूत होकर सोते हुए दिखाई दे रहे सचिव का नाम रामेश्वर प्रसाद राजवाड़े है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन सचिव शराब के नशे में धूत होकर पंचायत भवन पहुंचते हैं और अधिकतर समय वहीं सोते रहते हैं। जब वे सचिव से किसी काम या दस्तावेज की जानकारी मांगते हैं, तो वे गुस्से में आकर अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे पहले भी सचिव का नशे की हालत में सोते हुए एक वीडियो वायरल हो चुका है।
ग्रामीणों ने आगे बताया कि यह समस्या सिर्फ नवापारा तक सीमित नहीं है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड की अन्य पंचायतों में भी कई सचिव लापरवाह रवैये के लिए जाने जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी प्रशासन सिर्फ नोटिस देकर मामले को दबा देता है और इन पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
प्रशासन का कहना है कि सचिवों की कमी के कारण कड़ी कार्रवाई नहीं कर पाते। एक सचिव को दो से तीन पंचायतों का कार्यभार दिया गया है। किसी सचिव को बर्खास्त करने से पंचायती कामकाज प्रभावित हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब सचिव अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहे और पंचायत की राशि में गड़बड़ी हो रही है, तो ऐसे सचिव के होने-न होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। उल्टा, इनकी मौजूदगी से पंचायत की राशि में अनियमितता की संभावना बढ़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से लापरवाह सचिवों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन लापरवाह सचिवों पर किस प्रकार कार्यवाही करती है…..!
