कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में एसईसीएल गेवरा खदान में बुधवार को नागार्जुन कंपनी के इलेक्ट्रिशियन हीरालाल बिंझरी की करंट लगने से मौत हो गई। खदान में काम कर रही नागार्जुन कंपनी द्वारा मेंटेनेंस कार्य कराया जा रहा था। बताया जा रहा है कि 6.6 केवी लाइन में स्पार्किंग की समस्या सामने आई थी, जिसके सुधार कार्य के लिए हीरा और उनके सहयोगी विवेक पटेल मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक हीरा करंट की चपेट में आ गए। साथी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित कर्मचारियों व परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर खदान के 7 नंबर गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार देर रात 2 बजे तक चले आंदोलन के बाद गुरुवार सुबह फिर से बड़ी संख्या में लोग गेवरा खदान के 7 नंबर गेट पर जमा हुए और प्रदर्शन जारी रखा।
वहीं इसकी सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण करने में जुट गई। वहीं कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच वार्तालाप हुआ जिसमें मृतक के परिजनों को एक लाख रुपए की तत्काल सहायता राशि, 15 लाख रुपए का चेक और परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
मृतक हीरालाल उम्र (35 वर्ष) बिंझरी के निवासी थे। वे पिछले तीन साल से कंपनी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत थे। हीरालाल की 3 बेटियां हैं। वे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और परिवार का भरण पोषण करते थे। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया बताया कि घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
