दिल दहला देने वाली घटना: मासूम बच्चे को लेकर ट्रेन के आगे कूद गई मां, महिला की मौत, बच्चे को नहीं आई एक भी खरोंच
जांजगीर/सीजी एनएन 24 न्यूज: कहते हैं कि जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय, बाल ना बांका कर सके जो जग बैरी होए। यह कहावत एक बार फिर चरितार्थ होती दिखी है। यहां अकलतरा क्षेत्र में एक महिला अपने दुधमुंहे बच्चे के साथ चलती ट्रेन के सामने कूद गई। कूदने के साथ ही महिला की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं बच्चे को एक खरोंच तक नहीं आई, वह बाल-बाल बच गया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना ग्राम कल्याणपुर और कोटमी सोनार को जोड़ने वाले रेलवे ट्रैक की है। बताया है कि कल्याणपुर के आश्रित ग्राम पंचायत दर्री टांडे की रहने वाली शिवकुमारी पति मंतराम कुछ दिन पहले ही काम से बाहर से लौटी थी। रात के वक्त घर में किसी बात को लेकर पति से विवाद हुआ, जिसके बाद वह रात में अपने डेढ़ साल के बेटे को लेकर घर से निकल गई। सुबह महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। घटना के वक्त मंतराम घर पर नहीं था।
इस घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर सनसली फैल गई। इस दिल दहलाने वाली घटना को देखकर लोग दंग रह गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के ट्रेन से टकराने के बाद बच्चा पटरी के किनारे गिर गया था। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और अकलतरा रेलवे स्टेशन को सूचना दी। तुरंत मौके पर पहुंची टीम ने बच्चे को अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे पूरी तरह सुरक्षित बताया। फिलहाल पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।
बताया जा रहा है कि शिवकुमारी का यह दूसरा विवाह था। पहले पति से उसके दो बच्चे हैं, और वर्तमान में जिस मंतराम से शादी की थी, वह पहले से विधुर है। उसकी पहली पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली थी।
