कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों से मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास किया। इस दौरान पीड़ित युवक ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए एक आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादर की है। जहां दादर निवासी दिवाकर कुमार प्रजापति और सूरजपुर निवासी करण सिंह के साथ घटना घटी है। करण सिंह जो कि दादर स्थित गल्बे कंपनी में सुपरवाइजर है। दिवाकर और करण दोनों साथ में बाइक से जा रहे थे, दोनों मरकाम बाजार रोड स्थित विद्युत सब स्टेशन के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए। नशे में धुत तीनों युवकों ने पहले पैसों की मांग की, जब दिवाकर ने पैसे देने से इनकार किया तो वो उनसे मारपीट करते हुए करण का मोबाइल छीन लिया। इसी दौरान करण ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक चला रहे एक आरोपी से भिड़ गया और उसकी बाइक की चाबी छीन ली, जिससे दो अन्य आरोपी मौके से भाग निकले।

जिसके बाद तत्काल करण ने तुरंत मानिकपुर पुलिस को इस घटना की सूचना दी। जहां पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपी मोहन टंडन (18 वर्ष), पिता रामलाल टंडन, उम्र डिपरापारा, मानिकपुर निवासी से बाइक सहित फोन जब्त किया गया है। बदमाशों की बाइक के आगे नंबर प्लेट नहीं थी और पीछे की नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधा हुआ था। पकड़े गए आरोपी आरोपी मोहन टंडन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
