भाजपा मंडल अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन, कटघोरा नगर पालिका में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा

2 Min Read




कोरबा/कटघोरा:  नगर पालिका परिषद कटघोरा में व्याप्त अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने सख्त रुख अपनाते हुए आज मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें नगर के विकास कार्यों की बदहाली और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुँचाना नगरीय निकाय की जिम्मेदारी है, लेकिन कटघोरा नगर पालिका में मनमाने और पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। नगर में जल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं पूर्ण रूप से चरमराई हुई हैं। करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन कार्य अधूरे, गुणवत्ता विहीन और अनुपयोगी हैं, जिससे शासकीय धन का दुरुपयोग हो रहा है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में राजनीतिक दबाव के चलते पारदर्शिता खत्म हो गई है। भाजपा पार्षदों की ओर से मांगी गई जरूरी जानकारी को जानबूझकर छुपाया जा रहा है और जनता के हित के कार्यों को नजरअंदाज कर दिखावे पर शासकीय धन खर्च किया जा रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि जनप्रतिनिधियों को आम जनता के साथ जन आंदोलन के लिए विवश होना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि नगरपालिका के कर्मचारी शासकीय कार्यों के बजाय निजी कार्यों में लगाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यह न केवल गंभीर अनियमितता है, बल्कि भ्रष्टाचार का भी प्रतीक है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सुधार नहीं हुआ, तो भाजपा जन आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को बाध्य होगी। साथ ही उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप नगर में स्वच्छ, पारदर्शी और जनहितकारी प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने की मांग की।

Share This Article