कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश के साथ ही शहर से बरसाती पानी निकासी के दावे भी बारिश के साथ बह गए। शहर के कई इलाके की सड़कें बरसाती नाले में तब्दील नजर आई। वार्ड नंबर-12 चिमनीभट्ठा में नालियों का कचरा और सीवर की गंदगी के साथ बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया है जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बालको के वार्ड क्रमांक-45 में भी यही हाल देखने को मिला है जहां लोग अपने घर का सामान शिफ्ट कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी ने बताया कि यह समस्या हर बरसात में आती है। लेकिन न तो नगर निगम और न ही प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है। घर के बाहर जलभराव के कारण विद्युत खंभों में करंट फैल गया है। जहां हादसा होते-होते बाल बाल बचा। मानसून की पहली बारिश ने ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। जल निकासी की अनुचित व्यवस्था के कारण यह समस्या बनी हुई है। अन्य स्थानीय लोगों के अनुसार इसकी जानकारी कई बार वार्ड के पार्षद और महापौर को दी गई। इसके बावजूद भी उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
