कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में जारी अव्यवस्था को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि स्कूलों को खुले 15 दिन से अधिक समय बीत चुका है लेकिन कोरबा सहित पूरे प्रदेश के निजी विद्यालयों में किसी भी कक्षा की पाठ्यपुस्तकें अब तक नहीं पहुंची हैं। इससे छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। मनमोहन राठौर ने कहा कि कक्षा 1, 2, 3 और 6 का पाठ्यक्रम इस वर्ष पूरी तरह से बदला गया है, लेकिन नए किताबों की अनुपलब्धता के कारण निजी स्कूलों में बच्चों को पिछले वर्ष की पुरानी किताबों या पीडीएफ से पढ़ाने की मजबूरी है।
यह स्थिति न केवल शिक्षा के स्तर को गिरा रही है, बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में अविलंब पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति सुनिश्चित करें। निजी विद्यालयों को भी समान प्राथमिकता के साथ पुस्तकें वितरित की जाए। शिक्षा विभाग में जवाबदेही तय की जाए और शिक्षा मंत्री की शीघ्र नियुक्ति की जाए। मनमोहन ने यह भी कहा कि यदि सरकार शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाती, तो एनएसयूआई छात्रहितों के लिए जमीनी आंदोलन की राह पर उतरेगी।
